आजकल हर सवाल का जवाब ढूंढना बहुत आसान हो गया है। बस मोबाइल या कंप्यूटर पर गूगल खोलिए और जो भी जानकारी चाहिए, सर्च कर लीजिए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ चीजें ऐसी हैं, जिन्हें गूगल पर सर्च करना आपकी ज़िंदगी के लिए बहुत बड़ी मुसीबत बन सकता है? यह सुनकर शायद आपको भरोसा न हो, लेकिन हकीकत यही है। साइबर सुरक्षा एजेंसियां आपकी हर सर्च पर नजर रखती हैं। खासकर जब आप गैरकानूनी या संदिग्ध चीजें सर्च करते हैं। इसलिए जरूरी है कि आप बेहद सावधानी से इंटरनेट का इस्तेमाल करें। आज हम आपको बताने जा रहे हैं वे 4 खतरनाक सर्च टर्म्स, जिनसे दूर रहना आपके लिए बेहद जरूरी है।
बम बनाने का तरीका सर्च करना बनेगा जेल जाने का रास्ता
कभी मजाक में या थोड़ी जिज्ञासा में आपने ‘बम कैसे बनाएं’ सर्च किया हो? या ‘विस्फोटक बनाने की विधि’? यह गलत आदत आपकी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। भारत में सुरक्षा एजेंसियां ऐसी एक्टिविटी पर कड़ी निगरानी रखती हैं। यदि आपकी सर्च संदिग्ध पाई जाती है, तो पुलिस आपको पूछताछ के लिए बुला सकती है। बिना किसी चेतावनी के आपको अरेस्ट भी किया जा सकता है। इसलिए ऐसी चीजें सर्च करने से बचें।
चाइल्ड पोर्नोग्राफी सर्च करना अपराध की श्रेणी में आता है
बचपन सबसे खूबसूरत समय होता है। लेकिन कुछ लोग इसे गलत नजर से देखते हैं। चाइल्ड अश्लील कंटेंट से जुड़ा कोई भी सर्च भारत में सख्त कानून के तहत अपराध माना जाता है। POCSO एक्ट (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) के अंतर्गत ऐसे अपराध की सजा बेहद कड़ी है। इसमें जेल की सजा के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है। साइबर क्राइम यूनिट ऐसी वेबसाइटों को ट्रैक कर ब्लॉक भी करती है। आपकी भलाई के लिए ऐसी सर्च से पूरी तरह बचना चाहिए।
हैकिंग टूल्स या पासवर्ड चुराने की जानकारी सर्च करना खतरनाक
बहुत से लोग सोचते हैं कि ‘हैकिंग सीखें’ या ‘किसी का पासवर्ड कैसे चुराएं’ सर्च करके वे कुछ नया सीखेंगे। लेकिन यह धारणा बिल्कुल गलत है। भारत में हैकिंग के नाम पर कोई भी गैरकानूनी एक्टिविटी करने पर सजा होती है। साइबर क्राइम की यूनिट लगातार ऐसी एक्टिविटी पर नजर रखती है। आपको नहीं पता होता कि आपकी हर सर्च पर पुलिस की नजर होती है। संदिग्ध सर्च करने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
पायरेटेड मूवी डाउनलोड करने की कोशिश करना
क्या आपको लगता है कि फ्री में मूवी डाउनलोड करना कोई बड़ी बात नहीं है? ‘फ्री HD मूवी लिंक’ या ‘पायरेटेड मूवी डाउनलोड’ जैसे शब्द सर्च करना कॉपीराइट कानून के खिलाफ है। पायरेसी अपराध माना जाता है। इसके तहत जुर्माना (10 लाख रुपये तक) या 3 साल तक जेल हो सकती है। इसलिए मनोरंजन के लिए हमेशा कानूनी वेबसाइट्स का ही उपयोग करें।
सुरक्षित ब्राउजिंग कैसे करें
इंटरनेट की दुनिया बहुत बड़ी है। लेकिन हर रास्ता सुरक्षित नहीं होता। कभी भी गूगल पर सर्च करने से पहले यह सोचें कि कहीं आपकी सर्च गैरकानूनी तो नहीं है। VPN का इस्तेमाल करके भी पूरी सुरक्षा नहीं मिलती। साइबर सुरक्षा एजेंसियां इसे ट्रैक कर सकती हैं। इसलिए भरोसेमंद और सुरक्षित वेबसाइट्स से ही जानकारी लें। साइबर कानूनों की जानकारी रखें ताकि आप किसी भी गलत फंसे से बच सकें।
इसीलिए हमारी आपसे विनती है, सुरक्षित ब्राउजिंग को प्राथमिकता दीजिए। अवैध वेबसाइट्स से दूर रहें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। डिजिटल दुनिया में समझदारी से कदम बढ़ाएं।